सुजानगढ़ एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मिड-डे मील की सब्जी में छिपकली का बच्चा गिरने की बात सामने आई है। इसके बाद कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत मिली। एहतियात के तौर पर बच्चों को अस्पताल लाकर उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।
विद्यालय की अध्यापिका मोनिका झूरिया ने बताया कि बच्चों को मिड-डे मील में आलू की सब्जी और रोटी दी गई थी। बच्चों ने सब्जी में छिपकली होने की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल स्टाफ ने तुरंत भोजन को अलग करवा दिया। इसके बाद स्टाफ और 'हारे का सहारा' टीम के श्याम स्वर्णकार के सहयोग से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अर्जुन लाल, सीबीईओ रणजीत भींचर सहित जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। अधिकारी स्कूल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। अधिक तबीयत खराब होने वाले बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
एसडीएम ने अस्पताल के पीएमओ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बच्चों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले की जांच करवाकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
फिलहाल बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सकों की निगरानी में उपचार और जांच जारी है। घटना ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.