चूरू/जयपुर। राजस्थान पुलिस के सबसे युवा Gen-Z IPS अधिकारी अभिजीत पाटील अपनी आधुनिक कार्यशैली और टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग के कारण सुर्खियों में हैं। चूरू जिले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के प्रमुख और राजगढ़ के एएसपी के रूप में तैनात अभिजीत पाटील ने NATGRID और आधुनिक AI आधारित तकनीकों का इस्तेमाल कर गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई की है।
महज 22 वर्ष की उम्र में UPSC पास कर राजस्थान कैडर के IPS बने अभिजीत पाटील ने अपने पहले ही फील्ड पोस्टिंग में अपराध नियंत्रण की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में राजगढ़ क्षेत्र में गैंगवार की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई और कई वांछित अपराधियों को तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
दिसंबर 2025 में बिना वाहन नंबर और पुख्ता इनपुट के केवल NATGRID की मदद से हजारों संदिग्ध वाहनों में से 15 वाहनों की पहचान कर पुलिस ने डोडा पोस्त से भरी गाड़ी पकड़ ली। इस कार्रवाई को राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने 'केस स्टडी' के रूप में भी शामिल किया है। इसके अलावा पॉक्सो के फरार आरोपियों को भी इसी तकनीक की मदद से गिरफ्तार किया गया।
अभिजीत पाटील का मानना है कि आधुनिक तकनीक, डेटा एनालिसिस और स्मार्ट पुलिसिंग के जरिए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उनकी कार्यशैली को राजस्थान पुलिस में नई पीढ़ी की टेक-ड्रिवन पुलिसिंग का उदाहरण माना जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.