जयपुर डिस्कॉम ने ग्रिड सुरक्षा और बिजली बचत को बढ़ावा देने के लिए एक नई और आधुनिक पहल शुरू की है। इसके तहत निजी कंपनी के सहयोग से जयपुर के घरेलू उपभोक्ताओं के एयर कंडीशनर पर निशुल्क स्मार्ट आईओटी (IoT) डिवाइस लगाने का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। यह प्रोजेक्ट फिलहाल वैशाली नगर, मानसरोवर और मालवीय नगर क्षेत्रों में लगभग 2000 घरों में लागू किया जा रहा है।
इस परियोजना को देश में पहली बार घरेलू बिजली उपभोग को ऑटोमेटेड डिमांड रिस्पांस (ADR) तकनीक से नियंत्रित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस तकनीक के जरिए पीक ऑवर्स के दौरान अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों, विशेषकर एयर कंडीशनरों की खपत को स्वचालित रूप से नियंत्रित किया जाएगा, जिससे ग्रिड पर दबाव कम होगा और बिजली व्यवस्था अधिक स्थिर रहेगी।
डिवाइस दो हिस्सों में काम करता है—एक स्मार्ट प्लग यूनिट और दूसरा एसी यूनिट पर लगाया जाने वाला सेंसर। यह डिवाइस घर के वाई-फाई से जुड़कर ग्रिड प्रबंधन प्रणाली से कनेक्ट रहता है। जैसे ही बिजली की खपत पीक लेवल पर पहुंचती है, यह सिस्टम कमरे के तापमान को प्रभावित किए बिना एसी के तापमान को 1 डिग्री तक बढ़ा देता है, जिससे बिजली की खपत में 3 से 6 प्रतिशत तक की बचत संभव होती है।
डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार लगभग 2000 घरों में इस तकनीक के उपयोग से करीब 1 मेगावाट तक बिजली की खपत कम होने की संभावना है। इससे न केवल ग्रिड पर दबाव घटेगा बल्कि उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग-फ्री और स्थिर वोल्टेज की बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित होगी।
यह परियोजना राजस्थान विद्युत नियामक प्राधिकरण के डिमांड फ्लेक्सिबिलिटी और डिमांड साइड मैनेजमेंट विनियम-2026 के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऊर्जा दक्षता को बढ़ाना और बिजली प्रबंधन को अधिक स्मार्ट बनाना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.