डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार, 19 नवंबर की रात बिना नंबर की बोलेरो कैंपर लेकर पहुंचे बदमाशों ने टोल बैरियर तोड़ दिया था। इसके बाद टोल कर्मचारियों को डराने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनराज गुर्जर उर्फ डीके गुर्जर (36), निवासी सूरजपुरा, सांगानेर सदर और बनवारी मीणा उर्फ बन्नू चांदा (24), निवासी थूणी मंगलदास, कोटखावदा के रूप में की है।
पुलिस जांच के दौरान धनराज गुर्जर की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की गई। वहीं, बनवारी मीणा के कब्जे से भी एक अवैध पिस्टल मिली। हथियारों की बरामदगी के संबंध में दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
सांगानेर सदर थाना प्रभारी कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की सूचना पर पुलिस टीम उन्हें घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां वारदात की तस्दीक करवाई गई और मौका मुआयना किया गया।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य आपराधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.