सीकर। कोतवाली थाना पुलिस ने डोडा-पोस्त सप्लाई करने के मामले में करीब दो साल से फरार आरोपी कैलाश धाकड़ को टोंक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बड़े सप्लायरों से मादक पदार्थ खरीदकर तस्करों तक पहुंचाता था। पुलिस अब उससे जुड़े बड़े सप्लायरों की तलाश कर रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कैलाश धाकड़ (43) पुत्र शंकरलाल धाकड़, चित्तौड़गढ़ जिले का रहने वाला है। पुलिस को उसकी करीब दो साल से तलाश थी।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2024 की रात करीब 12:50 बजे कोतवाली थाना टीम ने रविंद्र जोगी निवासी बागपत और हर्ष कश्यप निवासी हरियाणा को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब 28 किलो डोडा-पोस्त बरामद हुआ था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों ने चित्तौड़गढ़ जिले के कैलाश धाकड़ से उसके गांव में डोडा-पोस्त की सप्लाई ली थी। इसके बाद पुलिस ने कैलाश की तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। अब उसे टोंक से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कैलाश धाकड़ चित्तौड़गढ़ जिले के बड़े सप्लायरों के संपर्क में था। वह उनसे माल लेकर तस्करों को सप्लाई करता था। तस्कर आगे इसे छोटे शहरों और गांवों में बेचते थे। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में जुड़े बड़े सप्लायरों की तलाश जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.