जयपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने UP-MP में दंगा आरोपियों पर बुलडोजर चलाने पर निशाना साधा हैं। गहलोत ने बीजेपी सरकारों पर निर्दोष लोगों पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया है। इंटक (इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस ) की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में सोमवार को गहलोत ने कहा- करौली में बिना मतलब दंगे हो गए। ये लोग जान-बूझकर उसे लंबा खींच रहे हैं। इनको समझ में नहीं आ रहा कि इनके शासित राज्यों में बुलडोजर चल रहे हैं। UP-MP में निर्दोष लोगों पर बुलडोजर चल रहे हैं। उनकी परवाह नहीं है। यहां राजनीति कर रहे हैं। गहलोत ने कहा- यह 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले की तैयारी शुरू हो गई है, इसलिए ये लोग जानबूझकर इस तरह का माहौल बना रहे हैं। यह खतरनाक माहौल है। आज धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है। हिंदू-मुस्लिम करके चुनाव जीतना चाहो, वह आसान काम है। बीजेपी के लोग नोन इश्यू को इश्यू बना रहे हैं और इश्यू को नोन इश्यू में बदल रहे हैं। CM ने कहा- अभी देश में खतरनाक माहौल है। हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। आज देश में क्या हो रहा है? सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र के नाम पर जीतकर तो आ गए, लेकिन उनका लोकतंत्र में कोई यकीन नहीं है। हिंसा करने वाले असामाजिक तत्व हैं। प्रधानमंत्री को आगे बढ़कर यह कहना चाहिए। सोनिया गांधी ने भी लेख लिखकर यही सुझाव दिया है। ये लोग जान-बूझकर खतरनाक माहौल बना रहे हैं। जब सब शांति से रहेंगे तभी देश में विकास होगा और देश एक व अखंड रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.