नई दिल्ली. रूस-यूक्रेन युद्ध को आज 65 दिन हो चुके हैं। रूसी हमले की वजह से यूक्रेन का इन्फ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह से तबाह हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिकी कांग्रेस के सामने 33 अरब डॉलर का प्रस्ताव रखा है। इस रकम में से 20 अरब डॉलर सैन्य सहायता के लिए और 8.5 अरब डॉलर यूक्रेनी सरकार के लिए और बाकी के 3 अरब डॉलर लोगों की मदद के लिए दी जा सकती है। दूसरी तरफ यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस बीते दिन यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे। यहां उन्होंने शहर के अलग अलग हिस्सों का दौरा किया और युद्ध अपराधों के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। यूएन चीफ के कीव दौरा के दौरान ही शहर पर रूसी हमले शुरू हो गए हैं। शहर के मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि बीते दिन रूसी सेना ने शहर पर 3 मिसाइल दागी। यूक्रेन युद्ध की आंच अब यूक्रेन के पड़ोसी देशों तक भी पहुंचने लगी है। बुल्गारिया और इजराइल ने बीते दिन अपने नागरिकों को मोल्दोवा और ट्रांसनिस्ट्रिया छोड़ने की एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस और कनाडा ने भी अपने नागरिकों को मोल्दोवा छोड़ने के लिए कहा था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.