जयपुर. राजस्थान में तेज गर्मी और बिजली कटौती ने लोग परेशान हो गए हैं। गुरुवार को राज्य के 11 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। ख्वाजा नगरी अजमेर में बीते 63 साल में अप्रैल का सबसे गर्म दिन रहा। जहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर रिकॉर्ड हुआ। जो इस गर्मी के सीजन की सबसे गर्म रात रही। मौसम केन्द्र जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा की माने तो हीट वेव की स्थिति अगले 3 दिन बने रहने की संभावना है। आखातीज से प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा। तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। जयपुर मौसम केंद्र से जारी रिपोर्ट को देखें तो अजमेर में साल 1958 में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो अप्रैल महीने का सबसे गर्म दिन था। इसके बाद कल अजमेर में तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो इसके बाद सबसे ज्यादा तापमान है। उदयपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में कल दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा। अलवर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, धौलपुर, बारां, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, बांसवाड़ा और करौली में कल दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। धौलपुर कल सबसे गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सबसे गर्म रात जयपुर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.