मुंबई. LIC के शेयर्स की लिस्टिंग डिस्काउंट के साथ हुई है। NSE पर LIC का शेयर 77 रुपए, यानी 8.11% नीचे 872 रुपए पर लिस्ट हुआ है। वहीं, BSE पर ये 867 पर पर लिस्ट हुआ है। सरकार ने LIC में अपनी 3.5% हिस्सेदारी बेचकर करीब 21,000 करोड़ रुपए हासिल किए हैं। इश्यू 2.95 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इश्यू का अपर प्राइस बैंड 949 रुपए था। यानी जिन निवेशकों को शेयर में डिस्काउंट नहीं मिला उन्हें BSE प्राइस के हिसाब से प्रति शेयर 82 रुपए का नुकसान हुआ है। लिस्टिंग प्राइस के हिसाब से LIC का मार्केट कैप 5.48 लाख करोड़ रुपए रहा। ये देश की 5वीं वैल्यूएबल कंपनी बन गई है। LIC ने 15 शेयर का लॉट साइज रखा था। अगर आपने पॉलिसी धारक कोटे से IPO में अप्लाय किया था तो आपको 60 रुपए का डिस्काउंट, यानी एक शेयर (949-60) 889 रुपए में मिला। इस हिसाब से 889 × 15 = 13,335 रुपए में 1 लॉट यानी 15 शेयर मिले। वहीं BSE पर शेयर 867 रुपए पर लिस्ट हुआ। यानी, पॉलिसीधारकों को लिस्टिंग पर प्रति शेयर 22 रुपए का नुकसान हुआ और 1 लॉट पर ये नुकसान 330 रुपए का रहा। अगर आपने रिटेल और कर्मचारी के कोटे से IPO में अप्लाय किया था तो आपको 45 रुपए का डिस्काउंट, यानी एक शेयर (949-45) 904 रुपए में मिला। इस हिसाब से 904 ×15 = 13,560 रुपए में 1 लॉट, यानी 15 शेयर मिले। BSE पर शेयर 867 रुपए पर लिस्ट हुआ। यानी, रिटेल और कर्मचारियों को लिस्टिंग पर प्रति शेयर 37 रुपए का नुकसान हुआ। 1 लॉट पर ये नुकसान 555 रुपए का रहा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.