चंडीगढ़. मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का अंतिम संस्कार आज होगा। इसके लिए दोपहर करीब 12 बजे का वक्त तय किया गया है। 11 बजे उनकी शव यात्रा निकलेगी। इस वक्त उनका शव अंतिम दर्शन के लिए उनके मानसा स्थित पैतृक गांव मूसा में रखा गया है। इस मौके पर प्रशंसकों की भारी भीड़ वहां पहुंची है। मंगलवार सुबह ही उनका शव परिवार को सौंपा गया। मूसेवाला का रविवार शाम जवाहरके में गोलियों से भूनकर कत्ल कर दिया गया था। 5 डॉक्टरों के बोर्ड ने कल उनका पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों को गोलियों के 24 निशान मिले हैं। उनके सिर, पैर, छाती और पेट को बुरी तरह से गोलियों से छलनी किया गया था। मूसेवाला के बाएं फेफड़े और लिवर में गोली लगी है। इसी वजह से बहुत ज्यादा खून बह जाने से मौके पर ही उनकी मौत की संभावना व्यक्त की जा रही है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद बड़ी संख्या में उनके फैन मूसा गांव पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। बठिंडा रेंज के IG पीके यादव और बठिंडा के SSP जे. एलेनचेजियन को मानसा के SSP गौरव तूरा के साथ मानसा में ही कैंप करवा दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मूसेवाला का शव रात भर अस्पताल की मॉर्चुरी में ही रखा गया। आज सुबह शव परिजनों को सौंपा गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.