कोलकाता. बॉलीवुड सिंगर केके (कृष्ण कुमार कुन्नथ) का मंगलवार को कोलकाता में लाइव कॉन्सर्ट के बाद 53 साल की उम्र में निधन हो गया। परफॉर्मेंस के बाद वह होटल पहुंचे और उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें CMRI (कोलकाता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट) हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि उनके सिर में चोट थी। पुलिस ने अननैचुरल डेथ का केस दर्ज किया है। कॉन्सर्ट की CCTV फुटेज की भी जांच की जाएगी। सिंगर की पत्नी और बच्चे कोलकाता पहुंचे हैं। पोस्टमार्टम के बाद केके की पार्थिव देह रबीन्द्र सदन लाया गया है। यहीं उन्हें पश्चिम बंगाल सरकार राजकीय सम्मान भी दिया। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने रबीन्द्र सदन पहुंचकर केके को श्रद्धांजलि दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाम 5 बजे की फ्लाइट से केके की पार्थिव देह मुंबई ले जाया जाएगा। सिंगर का अंतिम संस्कार कल मुंबई में होगा। PM मोदी ने केके के निधन पर दुख जताया है। PM ने कहा केके के निधन से दुखी हूं, उनके गानों से हर उम्र के लोग जुड़े हुए हैं। वो अपने गानों के जरिए हमारे दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। ईश्वर उनके परिवार को शक्ति दे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी केके के निधन पर शोक जताया है। केके के निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में दुख का माहौल है। अभिनेता अक्षय कुमार, सिंगर अरमान मलिक, एक्ट्रेस सोनल चौहान और मुनमुन दत्ता समेत कई सेलेब्स ने उनके निधन पर दुख जताया है। केके समेत देश ने पिछले 2 दिन में परफॉर्मेंस के दौरान दो सिंगर्स को खो दिया है। 23 अगस्त 1968 को दिल्ली में जन्मे मशहूर प्लेबैक सिंगर कृष्णकुमार कुन्नथ को इंडस्ट्री में केके नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने हिंदी ही नहीं तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, बंगाली, गुजराती समेत अन्य भाषा की फिल्मों के लिए भी गाने गाए हैं। फिल्मों में ब्रेक मिलने से पहले केके ने करीब 3,500 जिंगल्स गाए थे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.