नई दिल्ली. कॉमनवेल्थ गेम्स में गुरुवार को इंग्लैंड और कनाडा के बीच पुरुष हॉकी मैच खेला गया। इस दौरान दो खिलाड़ियों के बीच जमकर लड़ाई देखने को मिली। कनाडा के बलराज पनेसर और इंग्लैंड के क्रिस ग्रिफिथ ने एक दूसरे की गर्दन पकड़ ली और मैदान पर ही भिड़ गए। दोनों के बीच लड़ाई इतनी बढ़ गई कि खिलाड़ियों और रेफरी को बीच-बचाव करना पड़ा। दरअसल हुआ ये कि इंग्लैंड की टीम कनाडा के खिलाफ गोल करने के लिए लगातार आक्रमण खेल दिखा रहे थे। तभी बलराज पनेसर की हॉकी स्टिक ग्रिफिथ के हाथ पर लगी और फंस गई। इससे ग्रिफिथ गुस्से में आ गए और पनेसर को धक्का दे दिया। जिससे पनेशर आगबबूला हो गए और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाड़ी की गर्दन पकड़ ली। फिर दोनों ने एक दूसरे का टी शर्ट पकड़ा और खींचने लगे। ऐसा लगा खेल का मैदान जंग का मैदान बन गया है। तभी दोनों टीमों के खिलाड़ी आए और दोनों को अलग किया। इसके बाद रेफरी ने कनाडा के बलराज पनेसर को रेड कार्ड दिखाया और बाहर भेज दिया। वहीं, क्रिस ग्रिफिथ को यलो कार्ड दिखाकर चेतावनी दी। मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने कनाडा को 11-2 से हराया और ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर खत्म किया। पहले स्थान पर टीम इंडिया रही। सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और भारत का सामना न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच जीतने वाली टीम से हो सकता है। भारत ने वेल्स को 4-1 से हराया था। इससे पहले बुधवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कनाडा को 8-0 से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह और आकाशदीप सिंह ने सबसे ज्यादा दो-दो गोल दागे थे। इसके अलावा अमित रोहिदास, ललित उपाध्याय, गुरजंत सिंह और मनदीप सिंह ने भारत के लिए एक-एक गोल किया था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.