नई दिल्ली. बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। इस मुकाबले में भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती थी। मुकाबले के 29वें मिनट में भारत ने पहला गोल किया । यह गोल सलीमा टेटे ने किया। तीसरे क्वार्टर के बाद भारत 1-0 से आगे था। आखिरी मिनट में पहला गोल दागकर न्यूजीलैंड ने बराबरी हासिल कर ली। दोनों टीमों के बीच विजेता का निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ। भारत ने पेनल्टी शूटआउट में 2-1 से मुकाबला जीत लिया। भारतीय गोलकीपर सविता ने शूटआउट में चार गोल बचाए। फर्स्ट हाफ की शुरुआत में इंडियन प्लेयर्स में समन्वय की कमी साफ नजर आ रही थी। इसके बाद रफ टैकल करने के लिए न्यूजीलैंड की खिलाड़ी इक्विडोर को 2 मिनट के लिए बाहर कर दिया गया। 2006 में आखिरी बार विमेंस हॉकी में भारत ने सिल्वर मेडल जीता था। इसके पहले 2002 में भारतीय महिला टीम ने हॉकी में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। कॉमेनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने गोल्ड और सिल्वर पहले जरूर जीता था लेकिन कभी ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा नहीं जमाया था। इस बार ब्रॉन्ज जीतकर भारत ने वह कमी भी पूरी कर दी। 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के सेमीफाइनल मुकाबलों में भारतीय टीम को जहां ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था, वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने इंग्लैंड के हाथों शिकस्त खाई थी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला बेहद रोचक होने के आसार थे। दरअसल, दोनों ही टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले बेहद की करीब से गंवाए थे। फुल टाइम तक दोनों टीमों ने अपनी विपक्षी टीमों को बराबरी पर रोककर रखा था लेकिन शूट ऑउट में इन्होंने मैच गंवा दिए। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-3 से शूटआउट गंवाया और न्यूजीलैंड को इंग्लैंड ने 2-0 से शूटआउट में शिकस्त दी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.