चिड़ावा (झुंझुनूं). झुंझुनूं के चिड़ावा में गुरुवार देर रात रिटायर्ड फौजी के घर हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोल दिया। आरके मार्बल के पास गली में रिटायर्ड फौजी महेंद्र मेघवाल (45) का घर है। लुटेरे घर में घुसे और गन पॉइंट पर जेवर नकदी समेत 35 लाख की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। जाने से पहले फौजी को रस्सियों से बांध दिया। घटना देर रात करीब 1.45 बजे की बताई जा रही है। उस समय महेंद्र घर में अकेले थे।चिड़ावा सीआई इंद्र प्रकाश ने बताया कि महेंद्र मेघवाल का मकान सूरजगढ़ रोड पर चिड़ावा बाइपास रोड से 50 मीटर अंदर है। पीड़ित का कहना है कि वह गुरुवार की रात मकान में अकेला था। रात 1.30 से 1.45 के बीच गैलरी के जाली के गेट को तोड़कर 5 बदमाश घर में घुस आए। सभी की उम्र 25 से 35 साल के बीच थी।पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने कहा कि रात को करीब पौने 2 बजे का टाइम था। 5 बदमाश घर में घुस आए। मैं जाली का गेट लगाकर सोया था। 3 बदमाशों ने दबोच लिया। 2 कमरे में घुस गए। काला कपड़ा मेरे मुंह पर बांध दिया। उनमें से 2 के हाथ में पिस्टल थी। एक ने मेरी कनपटी पर पिस्टल लगा दी। इसके बाद 20-25 मिनट में ही सारा सामान निकाल लिया। दोनों बहुओं और पत्नी के जेवर थे।फौजी ने कहा कि सोने के चूड़ा, चेन, मंगलसूत्र, रखड़ी अंगूठियां, चांदी के गहने, पाजेब, करीब 15 हजार कैश सब ले गए। जाते वक्त एक ने कहा कि इसके पैर में गोली मार देते हैं। दूसरे ने उसे रोका, कहा कि बंधा हुआ है। गोली मारने की जरूरत नहीं है। इसके बाद वे चले गए। करीब 25 मिनट बाद जैसे-तैसे खुद को छुड़ाया। फौजी ने कहा कि दो-दो पैसा जोड़कर, कर्ज लेकर ये सब कमाया था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.