पटना. बिहार में राजनीतिक उठापटक के बाद आज विधानसभा में नीतीश-तेजस्वी सरकार का फ्लोर टेस्ट हो रहा है। सदन की अध्यक्षता डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी कर रहे हैं। भाजपा ने फ्लोर टेस्ट पर भाषण के दौरान मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे नीतीश ने ठगा नहीं। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भाजपा के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां दूसरी पार्टी की सरकारें हैं, वहां भाजपा अपनी तीन जमाई भेज देती है। ये हैं- ईडी, सीबीआई और आईटी। सदन में फ्लोर टेस्ट पर वोटिंग से पहले भाजपा विधायक दल के नेता तारकिशोर प्रसाद को बोलने का मौका मिला। प्रसाद ने कहा- अकेले लड़े तो जनता ने 2 पर ला कर छोड़ा। बाजुओं में ताकत नहीं थी, तो मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। बिहार जंगल राज की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा- मुख्यमंत्री ने जनादेश का अपमान किया है। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा रखने वाले नीतीश कुमार आज तक बिहार में अपने बल पर सरकार नहीं बना पाए हैं। ऐसा दल जो बिहार में खुद की ताकत पर सरकार नहीं बना पाए, वो देश के प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। सरकार की तरफ से मंत्री विजय चौधरी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा बीजेपी को बिहार में जब-जब सत्ता में आना हुआ है वह नीतीश के पीछे ही होकर आए हैं। हम आप लोगों के साथ चांद तारों का ख्वाब देख रहे थे, लेकिन हमें रात के स्याही के अलावा कुछ नहीं मिलाज। दिल के अरमां आंसुओं में बह गए, हम वफा करके भी तनहा रह गए। सत्ता पक्ष के महबूब आलम ने कहा कि आपने पूरे देश में बुलडोजर चलाने का काम किया इसलिए बिहार में आपकी छाती पर बुलडोजर चल गया। आप लोगों ने इसी सदन में कहा था मुसलमानों से वोटिंग का अधिकार छीन लेना चाहिए, हम तड़प कर रहा गए थे चिल्लाते रहे हमारी बात सुनने वाला कोई नहीं था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.