जयपुर. ड्राइवर के कंट्रोल से बाहर हुई एक बस का कहर देखने को मिला है। सड़क किनारे खेल रहे बच्चों को मिनी बस ने बुरी तरह रौंद डाला। एक्सीडेंट में तीसरी क्लास में पढ़ने वाले एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं, साथ खेल रही बच्ची बुरी तरह से घायल हो गई। बस की चपेट में एक महिला भी आ गई जो बच्चों की बॉल ढूंढने में मदद कर रही थी। बच्चों को कुचलते हुए बस खाली प्लॉट में घुस गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को बुरी तरह से पीट दिया। घटना जयपुर के सांगानेर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि रघुनाथपुरी के रहने वाले सुरेंद्र का बेटा अक्षित (8) और उनके किराएदार की बेटी अनुष्का (8) घर के सामने खेल रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार में आई मिनी बस ने दोनों बच्चों को कुचल दिया। इस हादसे में पताशी का ठेला लगाने वाली एक महिला मूर्ति रजक भी बुरी तरह घायल हो गई। तीनों घायलों को जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने अक्षित को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार रात करीब नौ बजे दोनों बच्चे घर के सामने बॉल ढूंढ रहे थे। इसी दौरान पताशी बेच रही मूर्ति भी उनकी मदद करने के लिए आ गई। इस दौरान तेज रफ्तार से आई बस ने तीनों को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद तेज धमाके की आवाज से कॉलोनी में हंगामा मच गया। आसपास के लोगों ने बस ड्राइवर बलराम मीणा को पकड़कर बुरी तरह से पीटा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उसे पुलिस के हवाले किया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.