जयपुर. राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव को एक बार फिर जमानत मिल गई है। बुधवार को जेल से रिहा होने के बाद उपेन को विधायकपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें आज सेशन कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें राजकार्य में बाधा के मामले में जमानत मिल गई। वहीं जमानत मिलने के बाद उपेन यादव ने कहा कि सत्यमेव जयते। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के रविंद्र चौधरी ने कहा कि उपेन यादव ने सिर्फ बेरोजगारों की आवाज उठाई थी। लेकिन सरकार ने उपेन यादव को ही झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रची है। ऐसे में कांग्रेस सरकार को इसका खामियाजा भुगतना होगा। प्रदेशभर के बेरोजगार आने वाले चुनाव में गांव-ढाणी तक कांग्रेस के खिलाफ अभियान चलाएंगे। ताकि बेरोजगारों के सपनों से खेलने वाली सरकार को जड़ से मिटाया जा सके। दरअसल, उपेन यादव को पिछले दिनों पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर से 84 बेरोजगारों के गिरफ्तार कर लिया था। जिनमें से 75 बेरोजगारों को एक दिन बाद जमानत पर छोड़ दिया। लेकिन उपेन यादव समेत 9 युवाओं को 3 नए मामले दर्ज कर फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद शनिवार को उपेन समेत 9 युवाओं को कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उन्हें जेल जाना पड़ा था। वहीं मंगलवार को कोर्ट ने उपेन को जमानत दे दी थी। लेकिन जेल से बाहर निकलते ही विधायकपुरी थाना पुलिस ने फिर से एक नए मामले में गिरफ्तार कर लिया था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.