मुंबई. मुंबई के कुर्ला पूर्व के नाइक नगर में सोमवार देर रात एक चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 3 की मौत हो गई। इनमें से एक की मौके पर, जबकि 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है। 11 लोग घायल हैं, इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मलबे में 25 लोग दब गए थे। 10 लोग अभी भी फंसे हुए हैं। NDRF, BMC और मुबंई पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। BMC की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिड़े ने बताया कि इमारत जर्जर हो चुकी थी। 2013 से पहले मरम्मत और फिर इमारत को गिराने के लिए नोटिस दिए गए थे। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री सुभाष देसाई ने मृतक के परिवार को 5 लाख रुपए आर्थिक सहायता और घायलों का फ्री इलाज करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच की जाएगी, जो भी जिम्मेदार हुए उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसा दोबारा न हो, इसके लिए मीटिंग बुलाई गई है। इससे पहले, एकनाथ शिंदे ने मृतक के परिवार को 5 लाख और घायलों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया था। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 4 इमारतों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन लोग फिर भी रह रहे थे। सभी को बचाना हमारी प्राथमिकता है। आसपास की दूसरी इमारतों को खाली कराने और गिराने का काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी BMC नोटिस जारी करे, इमारतें खुद खाली कर दी जानी चाहिए। अन्यथा, ऐसी घटनाएं होती हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। अब इस पर कार्रवाई करना महत्वपूर्ण है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.