नई दिल्ली. जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार सुबह जापान के नारा शहर में हमला हुआ। एक चुनावी कैंपने के दौरान किसी ने उन्हें दो गोली मार दी। उनकी हालत को लेकर अलग-अलग जानकारियां आ रही हैं। जापानी मीडिया के मुताबिक, आबे के दिल ने काम करना बंद कर दिया है। सांस लेने में दिक्कत हो रही है। बाकी अंग भी काम नहीं कर रहे हैं। उधर न्यूज एजेंसी AFP ने उनकी मौत हो जाने की आशंका जताई है। आबे का इलाज नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में चल रहा है। प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा उन्हें देखने के लिए पहुंचे हैं। आबे पर फायरिंग उस वक्त की गई, जब वे चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान फायरिंग की आवाज हुई और आबे अचानक गिर पड़े। शुरुआती रिपोर्ट में खबर आई कि किसी ने उन्हें सीने पर गोली मार दी। हालांकि बाद में ये साफ हुआ कि उन्हें पीछे से दो गोली मारी गईं है। पुलिस ने मौके पर 42 साल के हमलावर यामागामी तेत्सुया को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गन बरामद हुई है। जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर ने हैंडमेड गन का इस्तेमाल किया। वो मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का मेंबर था। हालांकि अब तक हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है। जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोली लगने के बाद शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा। हालांकि, अभी इसके बारे में आधिकारिक बयान नहीं आया है। चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी और आबे के शरीर से खून बहता दिखा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.