लखनऊ. सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को सैफई में अंतिम संस्कार होगा। नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए 20 हजार से ज्यादा लोग उनके घर के बाहर खड़े हैं। देर रात भी ऐसा ही हाल था। करीब 5 हजार लोग पहुंच चुके थे। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 10 बजे से आखिरी विदाई के लिए यहां के मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़ कर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी सैफई पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, JDU नेता केसी त्यागी और UP कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बिहार के CM नीतीश कुमार का भी 12 अक्टूबर को सैफई आने का कार्यक्रम है। नेताजी का जिस जगह अंतिम संस्कार होगा, उस जगह को 50 मजदूर ने पूरी रात काम कर तैयार किया। 30x30 फीट की इस जगह में 10 हजार ईंटें लगाई गई हैं। मुलायम के निधन पर सरकार ने UP में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। CM योगी ने अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव से फोन पर बात की और संवेदनाएं व्यक्त की। साथ ही सीएम योगी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी गई।अंतिम दर्शन के लिए मुलायम का शव रखा जाएगा। PM नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के भरुच में जनसभा कर रहे थे। यहां भी उन्होंने सबसे पहले मुलायम सिंह यादव को याद किया। कहा, "मुलायमजी का जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मेरा मुलायमजी के साथ नाता विशेष प्रकार का रहा। हम दोनों मुख्यमंत्री के तौर पर मिला करते थे, वे भी और मैं भी दोनों के प्रति एक अपनत्व का भाव अनुभव करते थे। 2014 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री पद के लिए चुना तो मैंने विपक्ष में अपने परिचित लोगों को फोन करके आशीर्वाद लिया था। उस दिन मुलायमजी का वह आशीर्वाद, सलाह के दो शब्द आज भी मेरी अमानत हैं।"मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 82 साल के मुलायम सिंह करीब 2 साल से ब्लड प्रेशर और यूरिन इन्फेक्शन जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। मुलायम सिंह यादव 2 साल से बीमार चल रहे थे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.