जयपुर. जयपुर के प्रताप नगर स्थित एक घर में बैंक मैनेजर की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। गेट तोड़कर घर के अंदर घुसी पुलिस को शव बेड पर पड़ा मिला। मृतक के मुंह से झाग निकल रहे थे। पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने बुधवार सुबह महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक से मौत होना मान रही है। SI मुकेश ने बताया कि मृतक निखिल जैन (45) पुत्र एन.आर.जैन प्रताप नगर के सेक्टर-67 का रहने वाला था। वह एक प्राइवेट बैंक में मैनेजर की पोस्ट पर था। 10 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे उसे आस-पड़ोसियों ने देखा था। मंगलवार सुबह खाना बनाने और साफ-सफाई करने वाली महिलाएं आई थी। डोर बेल और काफी आवाज लगाने के बाद भी निखिल ने गेट नहीं खोला। सुबह करीब 10:30 बजे मकान के लिए रखा सिक्योरिटी गार्ड आया। उसके काफी आवाज लगाने और गेट खटखटाने पर भी जबाव नहीं मिला। किसी अनहोनी के चलते पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस गेट तोड़कर अंदर घुसी। घर के अंदर जाने पर एक कमरे में बेड पर निखिल का शव पड़ा था। उसने चप्पल पहन रखी थी और पैर जमीन पर टच थे। बेड पर काफी सामान बिखरा हुआ मिला। निखिल के मुंह से झाग निकल रहे थे। पुलिस ने तुरंत सिटी FSL टीम को मौके पर बुलाया। FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए गए। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से शव को महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉच्यूरी भिजवाया। पुलिस का मानना है कि हार्ट अटैक से निखिल की मौत हुई है। निखिल को वीपी, शुगर आदि बीमारियां थी। शव के पास बेड पर उसकी टेबलेट भी पड़ी मिली है। निखिल का पत्नी से तलाक हो गया था। जिसके बाद वह अपने मम्मी-पापा और भाई साथ यहां रहता था। उनके पिता एन.आर.जैन की डायलाइसिस होनी है। इस कारण वह गुरुग्राम स्थित वेदांता हॉस्पिटल में भर्ती है। पिता की देखरेख के लिए उसकी मम्मी कल्पना जैन और भाई नितिन जैन भी हॉस्पिटल में है। वह पिछले एक सप्ताह से घर में अकेला था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.