हिमाचल में CM की कुर्सी को लेकर कांग्रेस में घमासान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पद के लिए प्रदेश के 6 नेता दावा कर रहे हैं। इस बीच, नाटकीय मोड़ तब आया जब हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र सिंही हुड्डा सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंच गए। इस दौरान उनके साथ प्रदेश का एक भी नेता मौजूद नहीं था। CM पद के दूसरे सबसे तगड़े दावेदार पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू शाम साढ़े 4 बजे तक शिमला नहीं पहुंचे। 18 विधायक भी उनके साथ हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू का मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दोपहर 3 बजे विधायकों की बैठक बुलाई गई थी, जो अब 6 बजे होगी। बीते कल कांग्रेस ने चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई थी। इसके बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समर्थक ज्यादातर विधायक चंडीगढ़ रवाना हो गए थे। मगर, देर शाम तक बैठक की जगह शिमला कर दी गई। इससे पहले तीनों नेताओं ने दोपहर लगभग 1 बजे हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से होटल में ही बैठक की। होटल में तीनों से मिलने के बाद प्रतिभा सिंह सीधे अपने निजी आवास हॉली-लॉज चली गईं। दूसरी ओर कांग्रेस के सभी विधायक शिमला के अलग-अलग होटलों में जुटे हैं। वे अलग-अलग गुटों में मीटिंग कर रहे हैं। CM पद के दावेदार नेता बीती रात बैठकें करते रहे। प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह अपने-अपने लिए लॉबिंग करने में जुटे हैं, मगर इन पर सहमति नहीं बनने की सूरत में हाईकमान किसी विवाद से बचने के लिए राजेंद्र राणा ठाकुर, ज्वाली से चंद्र कुमार, सोलन से धनीराम शांडिल के नाम पर भी चर्चा कर सकती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.