वाराणसी. वाराणसी में भतीजे की शादी में नाचते-नाचते उसके फूफा की मौत हो गई। बारात में शामिल लोगों को लगा कि वह डांस स्टेप कर रहे हैं। हालांकि जब कुछ देर नहीं उठे तो परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम मनोज विश्वकर्मा था, उनकी उम्र 40 साल थी। वे ज्वेलरी का कारोबार करते थे। इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है। वाराणसी के बड़ी पियरी इलाके के रहने वाले मनोज अपने साले के लड़के यानी भतीजे की शादी में मंडुआडीह आए थे। यहां बारात की निकासी हो रही थी। बारात लखनऊ जाने वाली थी। दूल्हे के रिश्तेदार ढोल पर नाच रहे थे। फूफा मनोज भी डांस करने लगे। 5-7 मिनट डांस करते ही वे गिर पड़े। 5 सेकेंड से भी कम समय में उनकी मौत हो गई। मनोज के साथ डांस कर रहीं महिलाएं पहले तो यह समझीं कि वह कोई नया डांस स्टेप कर रहे हैं, मगर जब फर्श पर गिरने की तेज आवाज आई तो लोगों को कुछ शक हुआ। उन्होंने पहले आवाज देकर उठाया, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई तो उनको पास जाकर उठाने की कोशिश की, पर मनोज के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया। आशंका है कि नाचने के दौरान ही मनोज को कार्डियक अरेस्ट हुआ और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर उनकी मौत का सही कारण पता चल पाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.