Download App Now Register Now

राहुल गांधी का दावा- MP में 150 सीट लाएंगे:​​​​​​​​​​​​​​ कमलनाथ ने कहा- सहमत हूं; CM शिवराज बोले- मन बहलाने के लिए ख्याल अच्छा...

राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एमपी में 150 सीटें जीतेगी। राहुल गांधी के दावे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं। सीएम शिवराज सिंह ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है।

हालांकि राहुल गांधी इस सवाल को टाल गए कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ओर से CM फेस कौन होगा? दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में MP के पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की। राहुल गांधी ने कहा कि 'बैठक में हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम रिपीट करने जा रहे हैं।' कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हम मध्यप्रदेश भी जीतने जा रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्यप्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर बैठक में चर्चा हुई। कमलनाथ ने राहुल के दावे पर कहा, 'हम उनकी बात से सहमत हैं। उनके पास इनपुट है। हमने शुरुआत कर दी है। हमारी नारी सम्मान योजना है। किसानों के लिए योजना है। गैस सिलेंडर की बात है। कुछ अभी कर रहे हैं, कुछ आने वाले समय में करेंगे। सब गोलियां एक साथ नहीं चलाएंगे।

राहुल गांधी और कमलनाथ के दावे पर भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है। भाजपा मध्यप्रदेश में 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। अब उनको ख्याली पुलाव पकाने हैं, तो पकाते रहें।'

BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। वे कांग्रेस की चिंता करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में BJP आगामी विधानसभा चुनाव में 'अबकी बार दो सौ पार' के संकल्प के साथ जीत का इतिहास बनाएगी।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली कामयाबी के बाद कांग्रेस तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। इसको लेकर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की। इसमें कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह 'राहुल', अरुण यादव, विवेक तन्खा, कांतिलाल भूरिया सहित MP के 16 नेताओं को बुलाया गया था।

कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय नेताओं के दौरों, जनसभाओं और रैलियों को लेकर भी चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर आ सकती हैं। सूत्रों की मानें तो क्षेत्रवार समीकरणों के हिसाब से नेताओं के दौरे, रैलियां और जनसभाएं होंगी।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने MPPCC से मध्यप्रदेश के स्थानीय बड़े मुद्दों की जानकारी मांगी है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों से ज्यादा लोकल इश्यू को प्राथमिकता से उठाया था। मंत्रियों के भ्रष्टाचार, विधायकों द्वारा की गई बड़ी गड़बडियों की जानकारी भी केंद्रीय कार्यालय को दी जाने की खबर है।
इस बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के वचन पत्र को भी आलाकमान के सामने रखा गया। इसमें मुख्य रूप से नारी सम्मान योजना, 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर, ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली, ओबीसी आरक्षण जैसे बड़े मुद्दे शामिल किए गए हैं। वचन पत्र में कांग्रेस ने कई आकर्षक वादे भी शामिल किए हैं।


 

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
जल्द ही बड़ी खुशखबरी : सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से हटेगी रोक! भजनलाल सरकार ले सकती है ये बड़ा फैसला | जल्द ही बड़ी खुशखबरी : सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से हटेगी रोक! भजनलाल सरकार ले सकती है ये बड़ा फैसला | गाजियाबाद में पड़ोसी ने युवती के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार | मदरसे में 7 साल के बच्चे की संदिग्ध हालत में मौत, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा | रक्षाबंधन पर भाई ने उजाड़ दिया बहन का सुहाग, दोस्त के साथ मिलकर की बहनोई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार | गाजियाबाद में नामी स्कूल की शिक्षिका को प्रेम जाल में फंसा कर धर्मांतरण के लिए किया मजबूर, आरोपी गिरफ्तार | यूपी टी-20 प्रीमियर लीग के उद्घाटन समारोह के लिए सीएम योगी को मिला आमंत्रण | विनेश फोगाट का अधूरा सपना पूरा करेगी काजल, अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप में जीता गोल्ड | चिकित्सा मंत्री की पहल पर काम पर लौटे रेजीडेंट, चिकित्सकों की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, समस्याओं के निराकरण के लिए मेडिकल कॉलेज स्तर पर कमेटी गठित करने के निर्देश | लोहागढ़ विकास परिषद के बाल-गोपाल, माखन चोर, कृष्ण लीला, महारास कार्यक्रम में देवनानी होंगे मुख्य अतिथि |