साँप के डसने से एक ही घर में दो मासूमों की मौत का मामला सामने आया है। ननिहाल में आई मासूम बालिका सहित घर का एक बालक दोनों एक साथ कमरे के अंदर खेल रहे थे। तभी अचानक निकले सांप ने दोनों को डस लिया। एक के बाद एक मासूम के मुंह से झाग निकलने पर परिवार के लोगों में अफरा तफरी मच गई। शनिवार रात भर परिजनों ने बाइगीरो के यहां उपचार कराया, लेकिन जब हालत में सुधार नहीं दिखा तो सुबह अस्पताल ले जाते समय दोनों की सांसें थम गईं। जिससे परिवारीजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भदियाना के खरगपुर गांव की यह पूरी घटना है। सरपंच जय सिंह सहित प्रतिनिधि कुमर सेन जाटव ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 वर्षीय यादव पुत्र गजन जाटव तथा करीब 4 वर्षीय कोपिचा की सर्पदंश से मौत हुई है। जमालपुर गांव निवासी कोपिचा 2 दिन पूर्व ही अपनी ननिहाल में आई थी। तभी शनिवार रात्रि को दोनों ही मासूम घर पर खेल रहे थे। अचानक कमरे के अंदर निकले सांप के काटने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकलते देख सर्प काटने का अंदेशा हुआ। तभी परिजन दोनों बच्चों को उपचार के लिए अलग-अलग कई जगह रात्रि को ही बाइगीरो के यहां ले गए। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर सुबह के पहर कुछ लोगों की सलाह पर दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। तभी रास्ते में दोनों ही बच्चों की मौत हो गई है।
इधर सांप फिर से घर में दिखाई दिया। इससे काफी समय तक घर के सदस्यों में अफरातफरी बनी रही। मौके पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से सांप को मार डाला, तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना में दोनों बच्चों की मौत से परिवारीजनों में कोहराम छाया हुआ है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.