काम धंधे के लिए कोटा आया युवक हादसे का शिकार हो गया। दुकान से घर लौटते समय कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान हॉस्पिटल में मौत हो गई। घटना रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया है।
रेलवे कॉलोनी थाना हेड कॉन्स्टेबल ओमवीर सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से बृजमोहन घायल हुआ था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बृजमोहन (37) मूलरूप से बारां का रहने वाला था। काम धंधे के लिए 15 दिन पहले ही कोटा आया था। गोपाल विहार, काला तालाब इलाके में परिवार सहित किराए से रहने लगा था। उसने लेबर चौराहे के आगे हेयर कटिंग की दुकान लगाई थी। 14 जून की रात 8 बजे करीब स्कूटी से दुकान से घर लौट रहा था। तिरंगा चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बृजमोहन गम्भीर घायल हुआ। उसके पेट, पैर व अन्य जगहों पर चोट लग। उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। देर रात बृजमोहन ने दम तोड़ दिया। बृजमोहन के 3 बच्चे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.