Salumbar Election Result 2024: बीएपी सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि सलूम्बर सीट पर हम एक तरफा जीत रहे थे, लेकिन यहां पर भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया। इस सीट के परिणाम को लेकर हम आगे लड़ेंगे। पुनर्गणना कराएंगे। सांसद रोत ने कहा कि अब तक के इतिहास में अधिकांश उपचुनाव में जिसकी सरकार होती है, वे ही जीतते हैं, लेकिन चौरासी की जनता ने इस मिथक को तोड़ा है।
उपचुनाव में मुख्यमंत्री सहित टीएडी मंत्री चौरासी में लगे हुए थे। टीएडी मंत्री यहां के निवासी की तरह गांव-गांव घूम रहे थे, इसके बावजूद जनता ने बीएपी की पक्ष में अपना भरोसा जताया। इस चुनाव में चौरासी की जनता ने यह साबित कर दिया कि धनबल, दारूबल व बाहुबल नहीं चलेगा। सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया। पुलिसकर्मी व अधिकारियों ने भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम किया। हमारे पास इसके सबूत हैं। हमारे खिलाफ निर्दलीय भी खड़े किए।
गौरतलब है कि सलूंबर सीट से भारतीय जनता पार्टी की शांता मीणा ने जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी शांता मीणा ने अंतिम दो राउंड में लगातार बढ़त बनाकर 1285 वोट से जीत हासिल की। उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के जितेश कटारा को हराया। यहां कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। भाजपा की शांता मीणा को कुल 84428 वोट मिले। बीएपी के जितेश कटारा 83143 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं कांग्रेस की रेशमा मीणा को महज 26760 ही वोट मिले।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.