सीकर में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुआ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन करते हुए मंत्री का पुतला फूंका और सरकार से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
कांग्रेस ने जताई कड़ी नाराजगी
सीकर : कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता रिठाला ने कहा कि इंदिरा गांधी को आयरन लेडी के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए बड़ा योगदान दिया। उनके खिलाफ मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस विधायक ने इस बयान का विरोध किया, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत छह विधायकों को बजट सत्र से निलंबित कर दिया गया। इसके बावजूद सरकार ने मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
मंत्री की बर्खास्तगी की मांग
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अविनाश गहलोत को तुरंत मंत्री पद से हटाया जाए। अगर सरकार इस मुद्दे पर कोई कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.