आम आदमी पार्टी : (AAP) ने दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की कमान पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को सौंप दी है। रविवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उन्हें नेता प्रतिपक्ष चुना गया। बैठक में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। दिल्ली सरकार में अहम मंत्रालय संभाल चुकीं आतिशी अब सदन में विपक्ष की भूमिका निभाएंगी।
AAP नेता गोपाल राय ने कहा, "आतिशी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। अब उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे सदन में आम आदमी पार्टी के कार्यों की रक्षा करें और भाजपा सरकार को जनता से किए गए वादे याद दिलाएं।"
पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर आतिशी ने कहा, "मैं अरविंद केजरीवाल और सभी विधायकों का धन्यवाद करती हूं। अब हमारी जिम्मेदारी है कि भाजपा सरकार से उनके वादों को पूरा करवाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को हर महीने ₹2,500 देने का वादा किया था, हम सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें उनका अधिकार मिले।"
दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाली कैग रिपोर्ट पर आतिशी ने कहा कि "यह रिपोर्ट चुनाव से पहले ही विधानसभा भेजी जा चुकी थी, लेकिन भाजपा इसे लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली की जनता को सच जानने का अधिकार है।"
दिल्ली विधानसभा का सत्र 24 फरवरी से शुरू होगा। पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और अध्यक्ष का चुनाव होगा। 25 फरवरी को उपराज्यपाल वीके सक्सेना का अभिभाषण होगा, जबकि 27 फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस होगी। माना जा रहा है कि इस दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिलेगी।
आम आदमी पार्टी भाजपा सरकार से उनके चुनावी वादों को लेकर जवाब मांगेगी। वहीं, सत्तापक्ष विपक्ष पर सीएजी रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा सकता है।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका संभालने के बाद आतिशी की पहली चुनौती होगी कि वे विपक्ष की आवाज को मजबूती से उठाएं और भाजपा सरकार को उनके वादों को पूरा करने के लिए बाध्य करें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.