झुंझुनूं : राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बिशनपुरा गांव के रहने वाले राजेंद्र नायक का शव दो महीने बाद भारत लाया जाएगा। राजेंद्र नायक की 24 जनवरी को सऊदी अरब में बीमारी के चलते मौत हो गई थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिजन शव को वापस लाने में असमर्थ थे। परिवार ने भाजपा प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद संतोष अहलावत से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप से शव को भारत लाने की व्यवस्था की गई।
राजेंद्र नायक का शव 23 मार्च की रात सऊदी अरब से भारत के लिए रवाना होगा और 24 मार्च की सुबह दिल्ली पहुंचेगा। वहां से शव को उनके गांव बिशनपुरा लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजेंद्र नायक 2005 में सऊदी अरब गए थे, जहां वे एक अरबी परिवार के घर पर काम कर रहे थे। वे नियमित रूप से परिजनों से फोन पर बात करते थे और घर खर्च के लिए पैसे भेजते थे। लेकिन बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
राजेंद्र नायक के बेटों ने बताया कि 11 जनवरी को आखिरी बार वीडियो कॉल पर उनकी बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि वे स्वस्थ होने के बाद भारत लौट आएंगे, लेकिन इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। परिजन चिंतित हो गए और उनकी जानकारी लेने की कोशिश करने लगे।
करीब 18 दिन बाद सऊदी अरब में मौजूद एक रिश्तेदार से खबर मिली कि 24 जनवरी को राजेंद्र नायक का निधन हो गया और उनका शव अस्पताल में रखा हुआ है। इसके बाद परिवार ने सरकार से मदद की मांग की।
पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा। सरकार के संज्ञान में आने के बाद राजेंद्र नायक का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
अब 23 मार्च को उनका शव भारत के लिए रवाना होगा और 24 मार्च को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.