कोटा (राजस्थान) : राजस्थान में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को कोटा में कांग्रेस शहर और देहात इकाई की ओर से 'लोकतंत्र बचाओ रैली' निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस बीच, पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता भरत सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए उन्हें सुरक्षा कर्मियों ने कुछ देर के लिए कमरे में बंद कर दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकार विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों को साजिश के तहत उनके पदों से हटा रही है। हाल ही में लाडपुरा पंचायत समिति के प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू को पद से निलंबित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट में अपील की। अदालत से राहत मिलने के बावजूद पंचायती राज विभाग ने उन्हें पुनः पद पर बहाल नहीं किया। कांग्रेस ने इसे सरकार की अवहेलना करार देते हुए सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्री पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.