नई दिल्ली/राजस्थान : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत के लिए डबल हीटवेव (Double Heatwave) का अलर्ट जारी किया है। इस बार एक सीजन में हीटवेव का प्रभाव सामान्य से दोगुना हो सकता है, यानी 5-6 दिन की बजाय 10-12 दिनों तक लू चल सकती है।
IMD की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया कि यह एक मौसमी पूर्वानुमान है, जिससे यह स्पष्ट नहीं होता कि हर दिन सामान्य से अधिक गर्म होगा। हालांकि, देश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
भारत में 2024 अब तक का सबसे गर्म वर्ष था, जिसमें कुल 554 हीटवेव दिन रिकॉर्ड किए गए। IMD के अनुसार, हीटवेव तब मानी जाती है जब किसी मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या सामान्य से 5 डिग्री अधिक हो जाता है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि, राजस्थान से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। लेकिन इन हवाओं की वजह से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क और धूल भरा रहेगा।
दिल्ली निवासी अनिल शर्मा ने कहा, "अभी से इतनी गर्मी है, मई-जून में हालात और खराब हो जाएंगे।" वहीं, कॉलेज छात्रा रितिका जैन ने बताया कि तेज धूप से बचने की कोशिश के बावजूद राहत नहीं मिल रही।
विशेषज्ञों ने नागरिकों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने, धूप में अधिक समय न बिताने और बाहर निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.