उदयपुर | कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास गणगौर की पूजा के दौरान हादसे का शिकार हो गईं। पूजा के दौरान उनकी चुनरी में आग लग गई, जिससे वे झुलस गईं। हादसे के बाद उन्हें उदयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अहमदाबाद रेफर किया गया।
गिरिजा व्यास के बेटे गोपाल शर्मा ने बताया कि "मैं फार्म हाउस पर था, तभी सूचना मिली कि मां पूजा कर रही थीं और उनकी चुनरी में आग लग गई। घर के लोगों ने तुरंत आग बुझाई और अस्पताल पहुंचाया।"
गिरिजा व्यास की बहू हितांशी शर्मा ने बताया कि "गणगौर की पूजा के बाद दीपक से चुनरी में आग लग गई। हमने उन्हें घर में काम करने वाले बसंत की मदद से अस्पताल पहुंचाया।"
गिरिजा व्यास राजस्थान कांग्रेस की दिग्गज नेता हैं। वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग की दो बार अध्यक्ष रह चुकी हैं। 2009 में उन्होंने चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से वे सक्रिय राजनीति से दूर थीं।
फिलहाल गिरिजा व्यास का इलाज अहमदाबाद के अस्पताल में जारी है। उनके समर्थक और कांग्रेस नेता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.