नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के 8वें सत्र की शुरुआत सोमवार को भारी हंगामे के साथ हुई। नेता विपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह के चित्र हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने भी विरोध किया।
आतिशी का भाजपा पर हमला
नेता विपक्ष आतिशी ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी की दलित विरोधी मानसिकता जगजाहिर है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के हर दफ्तर में बाबा साहेब आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगवाई थीं, लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री कार्यालय से इन दोनों महापुरुषों की तस्वीरें हटा दीं। यह भाजपा की दलित और सिख विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।"
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव
विधानसभा की कार्यवाही प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली ने शुरू कराई। सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ली, जिसके बाद विधायकों का शपथ ग्रहण हुआ। इस दौरान विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन में मंजूरी मिली।
हालांकि, कार्यवाही के दौरान आप और भाजपा विधायकों के हंगामे के चलते सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
केजरीवाल का भाजपा पर पलटवार
आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा सरकार की निंदा करते हुए लिखा, "दिल्ली की नई भाजपा सरकार ने बाबा साहेब की तस्वीर हटाकर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगा दी। यह सही नहीं है। इससे बाबा साहेब के करोड़ों अनुयायियों को ठेस पहुंची है। मेरी भाजपा से प्रार्थना है कि आप प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाइए, लेकिन बाबा साहेब की तस्वीर मत हटाइए।"
भाजपा का जवाब
दिल्ली भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रियों के कार्यालयों में महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर, भगत सिंह, महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र लगे हुए हैं।
दिल्ली विधानसभा का यह सत्र पहले ही दिन गर्मागर्म बहस और आरोप-प्रत्यारोप का गवाह बना। देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह विवाद क्या मोड़ लेता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.