राजस्थान : के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचे। सिविल एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान आरएसी की तृतीय टुकड़ी के 51 जवानों ने कंपनी कमांडर भंवर सिंह के नेतृत्व में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। राज्यपाल के आगमन पर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसा राम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
अपने दौरे के दौरान राज्यपाल जैसलमेर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं। इसके साथ ही उनके सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध तनोट राय माता मंदिर के दर्शन करने की भी संभावना है। राज्यपाल की यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
शुक्रवार अपराह्न 4 बजे राज्यपाल जिला कलेक्ट्री सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने विभागों से जुड़ी अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.