राजस्थान : के वीर सपूत, जोधपुर के सूबेदार सुखदेव बिश्नोई देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। अत्यधिक ठंड के कारण ड्यूटी के दौरान उनके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उनका निधन हो गया। उनकी शहादत से पूरे मारवाड़ में शोक की लहर दौड़ गई।
आज सुबह उनका पार्थिव शरीर इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट से जोधपुर पहुंचा, जहां एयरपोर्ट पर लोगों ने "शहीद सुखदेव बिश्नोई अमर रहें" के नारे लगाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव जाजीवाल ले जाया गया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
सूबेदार सुखदेव बिश्नोई का अंतिम संस्कार आज दोपहर उनके पैतृक गांव जाजीवाल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके बलिदान को सलाम करते हुए पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पाली सांसद पी. पी. चौधरी और ओसिया विधायक भैराराम सियोल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले इस वीर सपूत को शत-शत नमन!
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.