भरतपुर: होली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होली के पर्व के अवसर पर भरतपुर के पूंछरी पहुंचे, जहां उन्होंने मुकुट मुखारविंद और श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। गिरिराज महाराज की तलहटी में स्थित मुकुट मुखारविंद मंदिर में उन्होंने अपने परिवार के साथ दुग्धाभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर महंत ने उनका माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद वे सरीला जी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना के उपरांत बाल भोग ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री श्रीनाथ मंदिर परिसर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान बृज के कलाकारों ने मयूर नृत्य और बम रसिया की आकर्षक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ फूलों की होली खेली और नगाड़ा बजाकर होली का आनंद लिया।
होली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ भी फूलों की होली खेली और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी लोग होली के रंग में रंगे नजर आए। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी इस आयोजन में शामिल रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.