अलवर | केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव के पिता कदम सिंह का शनिवार सुबह 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पिता के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा—
"आप सभी को अत्यंत दुख के साथ सूचित कर रहा हूँ कि आज सुबह मेरे पूज्य पिताश्री का देहावसान हो गया है। बाबूजी की अंतिम यात्रा आज दोपहर 4 बजे मेरे निवास ग्राम जमालपुर, जिला गुड़गांव, हरियाणा में संपन्न होगी।"
जानकारी के अनुसार, कदम सिंह लंबे समय तक अजमेर में रेलवे अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सहकर्मी और परिचित उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखते थे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के पिता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—
"माननीय केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव के पूज्य पिताजी कदम सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। प्रभु श्री राम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के समर्थकों और करीबी नेताओं ने भी कदम सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त किया। अलवर और अजमेर के कई नेता अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रवाना हो चुके हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.