जयपुर (राजस्थान) : राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित राज्य के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में गुरुवार को हुई बड़ी लापरवाही पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। सर्जिकल वार्ड में प्लास्टर गिरने की घटना के बाद देर रात मुख्यमंत्री ने आपात बैठक बुलाई और संबंधित अफसरों की जमकर क्लास लगाई।
गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे SMS अस्पताल के सर्जरी विभाग की यूनिट-3 में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक छत से प्लास्टर का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना में दो मरीज घायल हो गए, जिनमें से एक को चेहरे, सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तुरंत ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया जहां टांके लगाए गए। अस्पताल प्रशासन ने दोनों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए शिक्षा सचिव अम्बरीश कुमार के साथ आपात बैठक की। इसके बाद शिक्षा सचिव ने रात में ही अस्पताल के 3एच वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों व स्टाफ से इस संबंध में जानकारी जुटाई।
निरीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए अधिकारियों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई:
CAO सियाराम मीणा और
AEN अंजू माथुर को उनके पदों से हटा दिया गया है।
दोनों को उनके मूल विभागों में वापस भेजा गया है।
साथ ही PWD वर्क्स के MOIC डॉ. राशिम कटारिया को भी उनके पद से हटा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "जनता की सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों की सुरक्षा, साफ-सफाई और संरचनात्मक जांच को प्राथमिकता पर लिया जाए।
राजस्थान सरकार ने एसएमएस अस्पताल की घटना पर त्वरित संज्ञान लेकर यह साफ कर दिया है कि लापरवाही और ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और दोषियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.