बर्न: स्विट्जरलैंड के मशहूर लग्जरी स्की रिसॉर्ट शहर क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर सेलिब्रेशन उस समय मातम में बदल गया, जब गुरुवार तड़के एक भीषण विस्फोट हो गया। स्थानीय मीडिया के हवाले से ब्रिटिश अखबार द मिरर ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
स्विस पुलिस के अनुसार, यह विस्फोट कॉन्स्टेलेशन बार में लोकल समयानुसार रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब न्यू ईयर ईव पार्टी अपने चरम पर थी। बार में उस समय बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी मौजूद थे। पुलिस ने पुष्टि की है कि मृतकों में कई देशों के नागरिक शामिल हैं, हालांकि अभी उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल और इमरजेंसी सर्विसेज मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल झुलसे हुए और गंभीर रूप से घायल मरीजों से भर गए हैं। कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हर 10 मिनट में रेस्क्यू हेलिकॉप्टर उड़ते नजर आए। स्विस मीडिया के अनुसार, सभी उपलब्ध रेस्क्यू हेलिकॉप्टर राहत कार्य में लगाए गए हैं। पड़ोसी देश इटली ने भी एक हेलिकॉप्टर मदद के लिए भेजा है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे क्रांस-मोंटाना शहर को नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया है। विस्फोट वाली जगह और आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है।
स्विस पुलिस ने बताया कि आज दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे से जुड़ी और जानकारी साझा की जाएगी।
स्विस न्यूज आउटलेट ब्लिक के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह धमाका किसी कॉन्सर्ट या न्यू ईयर इवेंट के दौरान इस्तेमाल की गई आतिशबाजी की वजह से हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं और बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में बार में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, लेकिन पुलिस ने इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
क्रांस-मोंटाना स्विस आल्प्स में स्थित एक बेहद लोकप्रिय और महंगा स्की रिसॉर्ट है। यह बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित है और सर्दियों व न्यू ईयर के दौरान यहां बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आते हैं।
करीब 1,500 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस शहर की आबादी लगभग 15 हजार है और यह अपनी सालभर की धूप और शानदार पर्वतीय नजारों के लिए जाना जाता है।
कॉन्स्टेलेशन बार क्रांस-मोंटाना की नाइटलाइफ का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यह बार स्की सीजन, क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान होने वाली पार्टियों और लाइव इवेंट्स के लिए प्रसिद्ध है। इसके आसपास लग्जरी होटल्स, स्की स्लोप्स और हाई-एंड रेस्टोरेंट्स मौजूद हैं, जहां अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की आवाजाही रहती है।
न्यू ईयर 2026 का जश्न स्विट्जरलैंड के क्रांस-मोंटाना में एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। इस भीषण विस्फोट ने न सिर्फ दर्जनों परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हादसा लापरवाही का नतीजा था या किसी और वजह से हुआ, लेकिन फिलहाल पूरा शहर सदमे और शोक में डूबा हुआ है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.