स्पोर्ट्स डेस्क। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर बीसीसीआई ने बड़ा फैसला लिया है। टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ी अपने परिवार (पत्नियां और मंगेतर) के साथ टीम होटल में नहीं रह सकेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम मैनेजमेंट की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें खिलाड़ियों के परिवार को साथ ठहराने की अनुमति मांगी गई थी।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि आईसीसी और मल्टीनेशन टूर्नामेंट में यह नियम लागू रहेगा। हालांकि, यदि कोई खिलाड़ी अपने परिवार के साथ रहना चाहता है, तो वह अपने निजी खर्च पर अलग होटल में ठहरने की व्यवस्था कर सकता है। इसके लिए बोर्ड की ओर से कोई सुविधा या खर्च वहन नहीं किया जाएगा।
भारत इस टी-20 वर्ल्ड कप का सह-मेजबान है। बीसीसीआई का मानना है कि भारतीय टीम को केवल पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए श्रीलंका जाना है, ऐसे में खिलाड़ियों को परिवार साथ रखने की आवश्यकता नहीं है। बोर्ड का उद्देश्य है कि खिलाड़ी पूरी तरह टूर्नामेंट पर फोकस रखें।
बीसीसीआई ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में भारत की 1-3 से हार के बाद खिलाड़ियों से जुड़े नियमों में सख्ती की थी। वर्तमान नीति के अनुसार, यदि कोई विदेशी दौरा 45 दिनों से अधिक लंबा होता है, तो खिलाड़ी का परिवार अधिकतम 14 दिन तक साथ रह सकता है।
हालांकि, यह नियम आईसीसी टूर्नामेंट और मल्टीनेशन इवेंट्स पर लागू नहीं होता।
कोविड-19 महामारी के बाद लंबे दौरों में खिलाड़ियों को पूरे समय परिवार के साथ रखने की परंपरा शुरू हुई थी, लेकिन हालिया प्रदर्शन और अनुशासन को देखते हुए बीसीसीआई ने इस पर फिर से सख्ती कर दी है।
बीसीसीआई ने सभी खिलाड़ियों को जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं। नियमों के उल्लंघन पर:
अनुशासनात्मक कार्रवाई
टूर्नामेंट या सीरीज से बाहर किया जाना
IPL खेलने पर प्रतिबंध
सैलरी या सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट समाप्त
जैसी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
यदि कोई खिलाड़ी किसी विशेष परिस्थिति में नियमों का पालन नहीं कर पाता है, तो उसे चयन समिति के अध्यक्ष और मुख्य कोच से पहले अनुमति लेनी होगी।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बीसीसीआई का यह फैसला साफ संकेत देता है कि बोर्ड अब अनुशासन और टीम फोकस को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। खिलाड़ियों को व्यक्तिगत सहूलियत से ज्यादा देश के लिए प्रदर्शन पर ध्यान देने का संदेश दिया गया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.