जयपुर। राजस्थान की चर्चित फूड चेन कान्हा पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी है। जयपुर समेत कुल 33 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इनमें से 26 ठिकाने जयपुर में हैं।
छापेमारी के दौरान विभागीय अधिकारियों को एक ठिकाने पर दीवार के पीछे बना खुफिया कमरा (स्ट्रॉन्ग रूम) मिला, जिसमें करोड़ों रुपए की ज्वेलरी छिपाकर रखी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम को एक परिसर में दीवार के अंदर विशेष रूप से तैयार किया गया स्ट्रॉन्ग रूम मिला। इस कमरे से करीब 5 करोड़ रुपए कीमत की ज्वेलरी बरामद की गई है।
इसके अलावा कार्रवाई के दौरान अब तक लगभग 1 करोड़ रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच जारी है।
आयकर विभाग को 10 बैंक लॉकर की जानकारी भी मिली है। इन लॉकरों को खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इनके खुलने के बाद करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज सामने आ सकते हैं।
टीमें बैंक अकाउंट, कैश लेनदेन, प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की बारीकी से जांच कर रही हैं। कई अहम फाइलें और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार फूड चेन से जुड़े मुंबई स्थित ठिकानों पर भी सर्च की कार्रवाई जारी है। इसके अलावा 19 फरवरी को आयकर विभाग की टीम टोंक जिले के निवाई स्थित वनस्थली मोड़ औद्योगिक क्षेत्र में पीडी एग्रो फर्म पर भी पहुंची थी, जहां दस्तावेजों की जांच की गई।
आयकर विभाग ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे रेस्टोरेंट से जुड़े ऑफिस और गोदामों में एक साथ रेड की कार्रवाई शुरू की थी। तब से लगातार अलग-अलग टीमों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
विभाग इस पूरे मामले में संभावित टैक्स चोरी, अघोषित आय और निवेश की जांच कर रहा है।
कान्हा फूड चेन पर आयकर विभाग की यह कार्रवाई प्रदेश के कारोबारी जगत में हलचल मचा रही है। दीवार के पीछे छिपा स्ट्रॉन्ग रूम और करोड़ों की ज्वेलरी बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सबकी नजर बैंक लॉकर खुलने और अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की असल तस्वीर सामने आ सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.