कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में शक और हिंसा की एक दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है। महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह करीब आठ घंटे तक इधर-उधर भटकता रहा और फिर थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मृतका श्वेता (21) और आरोपी पति सचिन सिंह ने चार माह पहले प्रेम विवाह किया था। सचिन फतेहपुर जिले के गाजीपुर गांव का रहने वाला है और ऑटो चालक है। दंपती वर्तमान में रूमा स्थित न्यू हाईटेक सिटी में किराये के कमरे में रह रहे थे।
सचिन ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी को वह फतेहपुर गया हुआ था। शुक्रवार देर रात जब वह अचानक वापस लौटा, तो कमरे में पत्नी मौजूद नहीं थी। सामने वाले कमरे में रहने वाले युवक से पूछने पर पता चला कि श्वेता वहीं है।
जब सचिन उस कमरे में पहुंचा, तो उसने पत्नी को दो युवकों के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। उसने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर पत्नी और युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
पुलिस सभी को चौकी ले गई। युवकों को वहीं रोक लिया गया, जबकि दंपती को यह कहकर घर भेज दिया गया कि सुबह आकर बात की जाएगी। सचिन का कहना है कि घर पहुंचते ही पत्नी ने फिर झगड़ा शुरू कर दिया और युवकों के साथ रहने की धमकी दी।
सचिन ने बताया कि पत्नी की बात सुनकर वह आपा खो बैठा और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह शहर से भागने की फिराक में सेंट्रल स्टेशन तक गया, लेकिन अंततः खुद को संभाल नहीं पाया और शनिवार सुबह करीब 11 बजे महाराजपुर थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
जांच में सामने आया कि सचिन का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। जिस युवती से दुष्कर्म के आरोप में वह जेल गया था, उसी से बाद में उसने प्रेम विवाह किया था। दो महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर छूटने के बाद दोनों ने शादी की थी।
इतना ही नहीं, सचिन पर पहले भी दोस्त की पीट-पीटकर हत्या का आरोप है। अगस्त 2024 में प्रेम प्रसंग के शक में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की हत्या की थी, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
मृतका श्वेता के पिता राजकुमार ने महाराजपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के लिए की गई है। उनके अनुसार, सचिन, उसके माता-पिता और भाई दस लाख रुपये और दहेज के सामान की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना पर डीसीपी सत्यजीत गुप्ता फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हत्या, दहेज उत्पीड़न और पुराने आपराधिक मामलों को जोड़कर जांच कर रही है।
कानपुर की यह घटना प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में पनपते शक, हिंसा और असुरक्षा की भयावह तस्वीर पेश करती है। चार महीने पहले साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाला पति आज पत्नी का हत्यारा बन चुका है। यह मामला न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि समाज के सामने भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.