हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान छानीबड़ी माइनर से एक संदिग्ध क्रेटा कार बरामद की है, जिसमें फर्जीवाड़े से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी लेने पर चार अलग-अलग नंबर प्लेट, भारी मात्रा में बच्चों के खेलने वाले डमी नोट, एक मोबाइल फोन तथा कई फर्जी और असली वाहन दस्तावेज बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक तेज रफ्तार क्रेटा कार नहर में गिर गई है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने हाइड्रा जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकाला। जांच में पता चला कि वाहन पर लगी हरियाणा नंबर प्लेट फर्जी थी और असली रजिस्ट्रेशन अलग नंबर से जुड़ा हुआ था।
वाहन से दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन की नंबर प्लेटें, एक अन्य राज्य की नंबर प्लेट, 100-100 रुपये के डमी (खेलने वाले) नोट, सर्विस बुकलेट, PUC और बीमा दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गाड़ी फर्जी नंबर प्लेट के जरिए टोल और पुलिस जांच से बचने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी।
पुलिस ने वाहन के पंजीकृत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन फर्जी नंबर प्लेट और डमी नोटों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक साजिश में तो नहीं किया जाना था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.