जयपुर, 18 नवंबर। गुलाबी नगरी जयपुर के 299वें स्थापना दिवस समारोह के तहत बुधवार को स्टेच्यू सर्किल पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। 11 हजार दीपकों की रोशनी, शहनाई की मधुर धुन, राजस्थानी लोकनृत्य और आसमान में हुई शानदार आतिशबाजी ने समारोह को यादगार बना दिया। पूरा स्टेच्यू सर्किल रोशनी से जगमगा उठा और बड़ी संख्या में जयपुरवासी उत्सव में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेच्यू सर्किल पर 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक और मिट्टी के दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का उच्चारण किया। इस दौरान जयपुर की गौरवगाथा पर आधारित गीत 'जयपुर अखिल विश्व से न्यारा' भी प्रस्तुत किया गया।
समारोह का खास आकर्षण स्टेच्यू सर्किल के चारों ओर आठ हाथियों पर किया गया शहनाई वादन रहा। शहनाई की मधुर धुनों ने वातावरण को राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं से सराबोर कर दिया। वहीं लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान हुई भव्य आतिशबाजी से आसमान रोशनी से नहा उठा। वहीं हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। रोशनी से सजे स्टेच्यू सर्किल का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। समारोह में शामिल विदेशी पर्यटकों ने भी भारतीय संस्कृति, राजस्थानी परंपराओं और उत्सव का आनंद लिया।
जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस भव्य समारोह ने गुलाबी नगरी की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और उत्सवधर्मिता की शानदार झलक पेश की।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.