मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जोधपुर में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह जोधपुर का दिन का तापमान जैसलमेर से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे में जोधपुर शहर के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।
रात के तापमान में करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 17 नवंबर को जोधपुर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो 18 नवंबर को बढ़कर 17.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
हालांकि, देर रात हवा चलने से ठंड का अहसास बढ़ रहा है। सुबह और रात के समय लोगों को सर्दी महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह जोधपुर में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। 21 नवंबर से मौसम में बदलाव के आसार हैं, हालांकि इसका विशेष असर जोधपुर में देखने को नहीं मिलेगा।
इस दौरान उत्तरी हवाओं का दौर चल सकता है, जिसका हल्का प्रभाव सूर्यनगरी में भी महसूस होगा। इसके चलते शहर के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
फिलहाल जोधपुर में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.