रेलवे प्रशासन ने गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगरा कैंट–असरवा (अहमदाबाद)–आगरा कैंट के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू की है। इस नई ट्रेन से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 16–16 फेरे लगाएगी और इसका ठहराव डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है, जिससे वागड़ क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेन संख्या 01910 आगरा कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 6 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 11:10 बजे असरवा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 01999 मंगलवार दोपहर 3 बजे असरवा से चलकर बुधवार सुबह 7:45 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे, जिनमें 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 9 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
डूंगरपुर स्टेशन पर यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो मिनट के लिए रुकेगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। आगरा–असरवा रेल मार्ग पर यह सेवा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और पर्यटन व व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार साबरमती और असरवा को जोड़ने वाला वाय-लाइन कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही सीआरएस निरीक्षण के बाद नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं और बढ़ सकती हैं। भविष्य में साबरमती से दिल्ली वाया उदयपुर और ओखा–नाथद्वारा मार्ग पर नई ट्रेन सेवाओं की भी संभावना जताई जा रही है।
Category:
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.