राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), अजमेर को लंबे समय बाद स्थायी अध्यक्ष मिल गया है। राज्य सरकार ने शिक्षाविद हनुमान सिंह राठौड़ को बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा। यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब रीट पेपर लीक प्रकरण के बाद से यह पद लंबे समय से खाली चल रहा था और बोर्ड का कामकाज आईएएस अधिकारियों के प्रशासनिक नियंत्रण में संचालित किया जा रहा था। इस दौरान मुख्य रूप से केवल दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं का संचालन किया जा रहा था, जबकि शैक्षणिक नवाचार और नीतिगत निर्णय प्रभावित रहे।
नए अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मूल रूप से पीसांगन के निवासी हैं और शिक्षाविद के रूप में लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने 1984 में शिक्षक के रूप में सेवा शुरू की थी और बाद में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे हैं और शिक्षा, पर्यावरण एवं बौद्धिक विषयों पर कई पुस्तकें लिख चुके हैं। बताया जाता है कि उन्होंने 30 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है।
उनकी नियुक्ति के बाद शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि बोर्ड की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, दक्षता और गुणवत्ता में सुधार होगा। उनके सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियाँ भी होंगी, जिनमें 2026-27 सत्र से कक्षा 10वीं में दो परीक्षा प्रणाली लागू करना, मौजूदा पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अनुरूप बदलाव करना, बोर्ड की सृजनात्मक प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देना, वित्तीय संसाधनों को मजबूत करना और रीट परीक्षा जैसी बड़ी जिम्मेदारियों का सफल संचालन शामिल है।
नए अध्यक्ष ने कहा है कि बोर्ड के पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति और भारतीय संस्कृति के अनुरूप तैयार करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए वे शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और शिक्षकों के साथ मिलकर निर्णय लेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा बोर्ड और शिक्षकों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित किया जाएगा और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई नवाचार किए जाएंगे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.