जैसलमेर शहर में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना, व्रत, भजन-कीर्तन तथा दान-पुण्य के कार्यक्रमों के साथ पूरे शहर में धार्मिक वातावरण बना रहा। विशेष रूप से दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथजी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
निर्जला एकादशी के अवसर पर गो सेवा के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहां श्रद्धालुओं ने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं जरूरतमंदों को दान सामग्री वितरित की गई, जिसमें फल, जल से भरे घड़े, जूते-चप्पल, छाते और अन्य उपयोगी वस्तुएं शामिल रहीं।
भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के गोपा चौक, गुलासतला, दुर्ग, गांधी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर शीतल पेय शिविर लगाए गए। इन शिविरों में लस्सी, नींबू पानी, गुलाब शरबत, आम का जूस, गन्ने का रस और बादाम शेक का नि:शुल्क वितरण किया गया। सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने भी इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मोहनगढ़ क्षेत्र में भी निर्जला एकादशी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। यहां मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ गो सेवा और दान-पुण्य के कार्य किए गए। ग्रामीणों ने राहगीरों के लिए शरबत और नींबू पानी की व्यवस्था की तथा जरूरतमंदों को उपयोगी सामग्री भेंट की।
पूरे दिन जैसलमेर में धार्मिक कार्यक्रमों, सेवा शिविरों और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर पुण्य अर्जित किया और शहर में श्रद्धा, सेवा और सद्भाव का संदेश फैलाया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.