जयपुर के रामनगरिया क्षेत्र में 19 जून को मुख्यमंत्री के काफिले के रूट क्लियरेंस के दौरान पुलिस और स्थानीय मोमोज ठेला लगाने वाली युवती रेशु गुप्ता के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा ठेले को हटाने के प्रयास में गरम पानी से भरा बर्तन गिर गया, जिससे रेशु गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद पीड़िता ने आरोप लगाए और 22 जून को उनकी बहन द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई। मामला मीडिया में प्रमुखता से सामने आने के बाद सरकार हरकत में आई और संबंधित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
राज्य सरकार ने पीड़िता के संपूर्ण इलाज का खर्च उठाने, आर्थिक सहायता देने और परिवार के पुनर्वास के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की घोषणा की है। नगर निगम जयपुर ग्रेटर के अधिकारी ओम कसेरा और उपायुक्त नीलम मीना ने पीड़िता के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़िता को न्याय और पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.